हमीरपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंतित प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। उपायुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है।
संकट के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना संबंधी सभी नियमों और सावधानियों का पालन करना होगा। उपायुक्त ने कहा कि अगर परिवार में कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसके संपर्क में आए सभी लोग परिवार के सभी सदस्य भी खुद को आइसोलेट कर लें और पांच-छह दिन में कोरोना टेस्ट करवाएं।
कंटेनमेंट जोन के नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। उपायुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सभी लोग मास्क का सही प्रयोग करें, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। कहीं पर भी अनावश्यक भीड़ इकट्ठी न करें।
किसी भी सार्वजनिक स्थल पर या सामाजिक एवं धार्मिक समारोहों के दौरान आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी-जुकाम, बुखार और कोरोना जैसे अन्य लक्षण सामने आते हैं तो तुरंत अपने आपको आइसोलेट करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सक का परामर्श लें और अपना कोरोना टेस्ट करवाएं। उपायुक्त ने कहा कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर घबराएं नहीं और अपने संपर्क में आए सभी लोगों की सही जानकारी दें।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संक्रमण को रोकने के लिए त्वरित उपचार पर विशेष बल दें। कहा कि बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी रखें।