हमीरपुर। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती राजस्व मुहाल छत्तर में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग और राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। यहां टीसीपी की अनुमति के बिना अवैध तौर पर निर्माण कार्य चल रहा था। मगर टीम के पहुंचने पर निर्माणाधीन भवन के आसपास कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम बेरंग लौट आई।
जानकारी के अनुसार छत्तर में टीसीपी की अनुमति के बिना अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा था। टीसीपी के नगर एवं ग्राम योजनाकार हरजिंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में संबंधित लोगों को हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम-1977 की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए थे। इस नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया था। शनिवार को जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो निर्माणाधीन भवन के मालिक वहां मौजूद नहीं थे।
टीसीपी विभाग और राजस्व विभाग की टीम में नगर एवं ग्राम योजनाकार हरजिंद्र सिंह, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, और अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। हरजिंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।