बसंत पंचमी के अवसर पर राजकीय उच्च पाठशाला नरेली में विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापि?
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन/हमीरपुर। जिलाभर में बसंत पंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इसी कड़ी में महर्षि विद्या मंदिर स्कूल नादौन में बसंत पंचमी में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। पंडित मनोज शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ सारी प्रक्रिया पूर्ण की। प्रधानाचार्य राकेश ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला। पंडित मनोज शर्मा ने इस दौरान स्कूल स्टाफ तथा बच्चों से भी विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला नरेली में विद्या की देवी मां सरस्वती की मूर्ति की स्थापना सभी अध्यापकों ने मिलकर की।
सभी अध्यापकों एवं छात्रों ने मिलकर सरस्वती माता का पूजन किया। विद्यालय की मुख्य अध्यापिका सनम ने बताया कि आधुनिकता के साथ ही हमारी पुरातन सभ्यता एवं संस्कृति को सहेजना भी आज के समय में बहुत आवश्यक है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को संस्कारित करने का काम करते हैं। वहीं, राज राजेश्वरी कॉलेज भोटा और त्रिशा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में भी बसंत पंचमी का त्योहार मनाया गया।