भोरंज के एसडीएम संजय स्वरूप ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जागरूक मतदाता बनकर लोकतंत्र की सफलता के लिए अवश्य करें मतदान : संजय
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू/भोरंज(हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय भोरंज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को मतदान जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नारे लगाकर और हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर पहली जून को बूथ पर जाकर मतदान करने का संकल्प लिया। एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने कॉलेज परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी रैली में शामिल होकर मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया।
कंज्याण हेलीपैड तक निकाली गई रैली में छात्रों के साथ कॉलेज के प्राध्यापक और स्वीप टीम के सदस्य भी शामिल हुए। संजय स्वरूप ने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र के पर्व को मनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। लोकतंत्र की सफलता के लिए जहां वोट देना जरूरी है, वहीं वोट देना नागरिक का अधिकार भी है। रैली में शामिल अधिकांश छात्र पहली वार अपना वोट करने जा रहे हैं। यह उनके लिए वोट देकर नया अनुभव होने वाला है। इस दौरान उन्होंने स्वीप कार्यक्रम के तहत वोट देने के लिए हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की और कॉलेज के छात्रों, प्राध्यापकों व लोगों ने बड़ी संख्या में वोट देने के लिए हस्ताक्षर किए। इस दौरान बीडीओ भोरंज कुलंवत सिंह, कॉलेज उप प्राचार्य कुलजीत, प्रो. आशा, प्रो. सुनीता, प्रो. पूजा, विनय, आशीष कुमार व अन्य छात्र उपस्थित रहे।