नीलामी के बाद से अधिकतर बंद हैं दुकानें, किराये की देनदारी लाखों में
एक दुकानदार ने किराया चुकाने में असमर्थता जताकर छोड़ी दुकान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स हमीरपुर में नगर परिषद के पदाधिकारियों के परिवार के सदस्यों के नाम से संचालित दुकानों का लाखों का किराया दो साल से लंबित है। सोसायटी के माध्यम से इस कांप्लेक्स को संचालित किया जा रहा है। इस कांप्लेक्स में 150 के करीब दुकानें है। अधिकतर दुकानों को नीलामी के माध्यम से किराये पर दिया गया है। इन दुकानों का किराया पिछले दो साल से किरायेदारों ने अदा नहीं किया है।
नगर परिषद के चुने हुए नुमाइंदों ने परिवार के सदस्यों के नाम नीलामी में दुकानें तो खरीद लीं लेकिन इन दुकानों का किराया नहीं चुकाया। ऐसे में सोसायटी की तरफ से किराया न चुकाने वाले इन किरायेदारों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, दो साल से किराये की उगाही के लिए कोई खास प्रयास नहीं हुए है। इस कांप्लेक्स में दुकानों की नीलामी के बाद से सुविधाओं की कमी के चलते कारोबार नहीं चमक सका है। कांप्लेक्स में ग्राहकों के पहुंचने के लिए बेहतर रास्ते तक की सुविधा नहीं है। जिन दुकानों को यहां पर नीलाम किया गया है, वह कागजों में चल रही है, लेकिन असल में दुकानें यहां पर दो साल से बंद ही पड़ी हैं। इस कांप्लेक्स को कायदे से शुरू ही नहीं किया जा सका है। यहां पर एक दुकानदार की तरफ से सोसायटी को दुकान संचालन करने को लेकर असमर्थता जाहिर की। लिखित तौर पर व्यापारी ने दुकान को छोड़कर सहमति पत्र दिया है, जबकि अन्य दुकानें बंद होने के बाद कागजों में संचालित है। इन दुकानों का किराये का बकाया अब लाखों में बन गया है।
कोट
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार मिन्हास ने कहा कि कांप्लेक्स में सुविधाओं में सुधार की दरकार है। इसमें सुधार के प्रयास होंगे। कांप्लेक्स में सुविधाओं की कमी से कारोबार ही नहीं चल पाया है। अधिकतर दुकानें बंद हैं। बरसात में दुकानें पानी से भरी होती हैं। नीलामी के जरिये कोई भी दुकान कांप्लेक्स में ले सकता है।