राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर गांव हरसन में लोगों को किया डेंगू के बारे में जागरूक। स्रोत : विभाग
राष्ट्रीय डेंगू दिवस : हरसन गांव में लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्वास्थ्य खंड टौणी देवी के अंतर्गत खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिनीत शर्मा के दिशा-निर्देश पर वीरवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर गांव हरसन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खंड स्वास्थ्य शिक्षक कमल मनकोटिया ने उपस्थित सभी लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक किया। स्वास्थ्य शिक्षक ने कहा कि डेंगू से हर वर्ष लाखों लोगों की जान जाती है। ऐसे में इसे लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। हर वर्ष 16 मई को डेंगू के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। आज के समय में 100 से अधिक देशों में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। दुनियाभर में आधी से ज्यादा आबादी डेंगू से प्रभावित है।
आंकड़ों के अनुसार साल 2023 में वायरल संक्रमण डेंगू से 91 मौतें हुई थीं। मौसम बदलने पर अक्सर डेंगू के मामले बढ़ने लगते हैं। एडीज के मच्छरों के काटने से यह संक्रमण शरीर में फैलने लगता है। स्वास्थ्य शिक्षक ने कहा कि डेंगू के लक्षण अगर हम तुरंत पहचान लें तो इसके गंभीर परिणाम होने से बचा जा सकता है। डेंगू के मच्छर सबसे ज्यादा दिन के समय एक्टिव होते हैं और घुटने से नीचे काटते हैं। उपस्थित सभी लोगों को जलजनित रोगों से भी अवगत कराया गया। डेंगू दिवस पर मेहंदी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई गई। विजेताओं को प्रधान सुनील ने सम्मानित किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य कार्यकर्ता रंजना शर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शैलजा तथा आशा कार्यकर्ता मोनिका एवं सपना उपस्थित रहे।