नादौन और आसपास के क्षेत्र में चल रही पर्यटन गतिविधियों से अवगत करवाया।
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। पर्यटन विभाग के सौजन्य से मंगलवार को नादौन में ढाबा संचालकों, कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उद्योग विभाग के ईओ अमनदीप और प्रोजेक्ट समन्वयक विवेक ठाकुर ने ढाबा संचालकों को पर्यटकों के साथ ठीक व्यवहार तथा पर्यटन गतिविधियों को नादौन क्षेत्र में बढ़ावा देने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नादौन तथा आसपास के क्षेत्र में चल रही पर्यटन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया।
कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से क्षेत्र के युवाओं को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस अवसर पर नादौन अस्पताल से आए स्वास्थ्य शिक्षक राज कुमार ने उपस्थित लोगों को खाद्य सामग्री से संबंधित नियमों का पालन करने के प्रति सचेत किया। कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वाले पर सख्त कार्रवाई अमल में लाने का प्रावधान है। इस दौरान मनदीप कुमार ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं सहित विस्तार से ऋण योजनाओं की जानकारी दी।