हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के स्थापना दिवस पर प्रस्तुति देतीं छात्राएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुर्वेद मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर एनआईटी के सभागार में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर प्रशिक्षु डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए डॉ. सैजल ने कहा कि वे मेडिकल की पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में भी अवश्य भाग लें। इससे उनके व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास होगा तथा वे चिकित्सक के रूप में बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल के विद्यार्थी का साढ़े पांच वर्ष का समय तपस्या से भरा होता है। इस दौरान वे अपनी पढ़ाई करें और अपने शौक एवं अभिरुचियों को भी जिंदा रखें। डॉ. सैजल ने विभिन्न अकादमिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत भी किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. सुमन यादव ने स्वास्थ्य मंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह के दौरान प्रशिक्षु डॉक्टरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।