जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यातिथि परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह परेड का निरीक्षण करते ह
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। 75वां हिमाचल दिवस शुक्रवार को हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के मैदान में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के अलावा एनसीसी कैडेट्स, हेल्थ वर्कर्स और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का प्रसारण एलईडी के माध्यम से दिखाया गया।
बिक्रम सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। इस दिशा में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना बहुत प्रभावशाली साबित हुई है। इसके अंतर्गत युवाओं को व्यापारिक गतिविधियां आरंभ करने के लिए एक करोड़ तक की मशीनरी व संयंत्र में निवेश करने पर 25 फीसदी उपदान दिया जा रहा है। इस साल से महिलाओं को मिलने वाले उपदान को 30 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांगों के लिए 25 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत लगभग 624 करोड़ रुपये के निवेश की 3 हजार 758 इकाइयां स्थापित की गई हैं, जिनमें लगभग 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
प्रदेश में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश वाली औद्योगिक परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। समारोह के दौरान उद्योग मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया। जिलास्तरीय समारोह में भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, भवन निर्माण एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा बबली, डीसी देबश्वेता बनिक, भाजपा के जिला महामंत्री हरीश शर्मा, आदर्शकांत, जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।