मिनी सचिवालय नादौन का बनकर तैयार हुआ भवन।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नववर्ष 2022 में जिले के लोगों को मेडिकल कॉलेज के नए परिसर की सौगात मिल जाएगी। सितंबर 2022 में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का उद्घाटन प्रस्तावित है। बहुमंजिला अकादमिक भवन का कार्य अंतिम चरण में है। सीपीडब्ल्यूडी मेडिकल कॉलेज का कार्य कर रहा है। वहीं, मेडिकल कॉलेज के वर्तमान कैंपस के पास कोविड अस्पताल की सुविधा भी जल्द ही जिले के लोगों को मिलेगी। मेकशिफ्ट अस्पताल का निर्माण कार्य एक निजी कंपनी करेगी। जबकि, इसके साथ होने वाले अन्य निर्माण के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को 54 लाख की धनराशि वीरवार को ही प्राप्त हुई है। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय भवन का भी 2022 में ही उद्घाटन होगा। वर्तमान में रोजगार कार्यालय का परिसर संकुचित है और यहां कर्मचारियों के बैठने के साथ-साथ जिलाभर से अपने कामों को आने वाले युवाओं के लिए भी बैठने की सुविधा नहीं है।
अब नया रोजगार कार्यालय भवन करीब तीन करोड़ की लागत से बनकर तैयार है और लोगों को जल्द ही इसकी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बुंबलू और कलूर में हेलीपैड, सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग भी इसी साल शुरू करने की योजना है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का नया भवन सितंबर 2022 तक तैयार हो जाएगा और इसी दौरान इसके उद्घाटन की योजना है। वहीं, जल्द ही मेकशिफ्ट अस्पताल बनेगा। इसका कार्य निजी कंपनी करेगी, लेकिन इसके साथ होने वाले अन्य कार्यों के लिए अस्पताल को हाल ही में 54 लाख स्वीकृत हुए हैं।
योजनाएं जिनके उद्घाटन होने हैं-
- सितंबर 2022 में मेडिकल कॉलेज परिसर जोलसप्पड़, हमीरपुर।
-करीब पांच करोड़ की लागत से मेकशिफ्ट अस्पताल हमीरपुर।
-साढ़े 12 करोड़ की लागत से मिनी सचिवालय सुजानपुर।
-13.75 करोड़ की लगात से मिनी सचिवालय नादौन।
-पशु औषधाल सुजानपुर और नादौन।
-सुजानपुर के भलेठ का पुल।
-जिला रोजगार कार्यालय।
-23 करोड़ की लागत से भोरंज अस्पताल का नया भवन।
-तीन करोड़ की लागत से गसोता में बनेगा स्वीमिंग पूल व अन्य पर्यटक क्षेत्र।