श्रद्धालु बोले- सीढि़यों के विस्तारीकरण से मिल रही सुविधा
शाहतलाई से बाबा बालक नाथ मंदिर के गेट तक नाचते- गाते जत्थों में पैदल पहुंचे श्रद्धालु
ज्येष्ठ रविवार को रात के समय ही पहुंच गए थे श्रद्धालु, सुबह ही लग गई मंदिर में कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मेले के दौरान ज्येष्ठ रविवार को देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन करने पहुंचे। शनिवार शाम को ही शाहतलाई और दियोटसिद्ध में दूर-दूर से भक्तों का आना शुरू हो गया था। पूरी रात शाहतलाई से नंगे पांव भक्तों की टोलियां आती रहीं। सुबह होते ही गेट नंबर एक और गेट नंबर पांच पर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं।
मंदिर न्यास ने इस बार श्रद्धालुओं को ज्यादा देर लाइनों में न लगना पड़े, इसके लिए व्यवस्था की हुई है। भक्तों को ज्यादा देर तक गुफा तक पहुंचने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा। होशियारपुर (पंजाब) से आए बाबा के भक्तों परमजीत कौर पंकज, हरीओमशरण, विकास, रमन, राजेंद्र कौर, समरजीत सिंह, उमेश, सिमरन, कंचन ने कहा कि इस बार उन्हें बाबा की गुफा के दर्शनों को ज्यादा देर लाइन में नहीं लगना पड़ा। जहां पिछले वर्ष उन्हें सात से आठ घंटे कतार में लगना पड़ा था। इस बार तीन घंटे में ही आराम से दर्शन करने को मिल गए। मंदिर न्यास ने गुफा स्थल और गुफा की ओर जाने वाली सीढि़यों का विस्तारीकरण किया है। इससे पहले एक-एक श्रद्धालु गुफा के दर्शन कर पाता था। अब 10 से 12 श्रद्धालु एक साथ बाबा की गुफा के दर्शन कर रहे हैं। पौणाहारी की नगरी में श्रद्धालु नाच गाकर माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं। वहीं, चैत्र मेले के दौरान जो ट्रैफिक की समस्या बाबा बालक नाथ मंदिर से शाहतलाई मंदिर तक हर वर्ष उत्पन्न होती है उससे निपटने के लिए प्रशासन ने जो इंतजाम किए हैं वह नाकाफी साबित हो रहे हैं। दियोटसिद्ध बस स्टैंड से शाहतलाई के सड़क मार्ग के दोनों तरफ श्रद्धालुओं की खड़ी गाड़ियों और बस स्टैंड पर गाड़ियां खड़ी करने के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके चलते पैदल चलने वाले भक्तों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि 35 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने बाबा की नगरी में शीश नवाया।