जिला मुख्यालय हमीरपुर के साथ सटे एक निजी अस्पताल में महिला का आपत्तिजनक एक्सरे लेने का आरोपी टेक्नीशियन को न्यायालय ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। सोमवार को पुलिस टीम ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में अस्पताल में पहुंचकर एक्सरे रूम के कंप्यूटर हार्ड डिस्क और रिकार्ड कब्जे में ले लिया।
आरएफएसएल धर्मशाला की डिप्टी डायरेक्टर मीनाक्षी कुमारी ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर अहम सबूत जुटाए। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। यहां आरोपी राजीव कुमार गांव टिक्करी निवासी सरकाघाट को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
निजी अस्पताल में महिला बीते शनिवार को अपनी टूटी हुई बाजू का एक्सरे करवाने अपने पति के साथ गई थी। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ ने महिला को बाजू का एक्सरे करवाने के लिए अस्पताल के ही एक्सरे कक्ष में टेक्नीशियन के पास भेजा। एक्सरे टेक्नीशियन ने पहले महिला की टूटी बाजू का एक्सरे किया।
इसके बाद टेक्नीशियन ने महिला को कपड़े नीचे करने को कहा। टेक्नीशियन ने कहा कि शरीर के निचले भाग का भी एक्सरे किया जाना है। एक्सरे करवाने के बाद महिला अस्पताल के एमडी जो खुद डॉक्टर हैं, के कमरे में गई। यहां महिला ने डॉक्टर से दो एक्सरे दिखाने की मांग की। लेकिन डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने तो एक ही एक्सरे लिखा है। महिला ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन ने उसके दो एक्सरे लिए हैं।
इस पर डॉक्टर ने एक्सरे टेक्नीशियन को कमरे में बुलाया। कमरे में आने के बाद एक्सरे टेक्नीशियन मौके से भाग गया। महिला ने बताया कि शिकायत सुनने के बाद एमडी भी कमरे की लाइट बंद कर मौके से गायब हो गए। इसके चलते महिला ने पति के साथ पुलिस थाना सदर में पहुंचकर मामला दर्ज करवाया।
आरोपी टेक्नीशियन को दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस ने अस्पताल से कंप्यूटर हार्ड डिस्क और रिकार्ड भी कब्जे में लिया है।
- डॉ. शिव कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर