पुलिस चौकी दियोटसिद्ध की जमली और बड़ाग्राम पंचायत के गांव पुनाड़ी में शातिरों ने दो घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ग्राम पंचायत जमली के निवासी अमर सिंह के घर पर मंगलवार रात को शातिरों ने घर के ताले तोड़कर नकदी और गहनों पर हाथ साफ किया। मंगलवार की रात वारदात के समय परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल में सोए हुए थे।
अमर सिंह की बहु घर की निचली मंजिल में सोई थी। जिस कमरे में बहु सोई हुई थी उसके साथ वाले कमरे का ताला तोड़कर शातिर घर के भीतर घुसे और कमरे के अंदर रखे ट्रंक को लेकर फरार हो गए।
शातिरों ने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर जाकर ट्रंक को तोड़ा और उसमें रखी एक सोने की अंगूठी, चांदी के छोटे कंगन और दो हजार की नकद राशि निकाल कर ट्रंक को वहीं फेंक दिया। वहीं पुनाड़ी गांव के निवासी कर्म सिंह के घर के ताले भी मंगलवार की रात को ही अज्ञात शातिरों ने तोड़ डाले। हालांकि कर्म सिंह के घर पर कोई भी सदस्य नहीं रहता और कपड़ों के सिवाय मकान के अंदर कुछ नहीं रखा था जिससे चोरों के हाथ कुछ नहीं लग पाया है।
एक ही रात में हुई इन चोरियों की सूचना मिलते ही दियोटसिद्ध थाना प्रभारी डीके शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अमर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।