पहासू अड्डे पर लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने युवक से नकदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। अरनिया क्षेत्र में हाईवे के किनारे फेंक कर भाग गए। पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत की है।
अलीगढ़ क्षेत्र के सासनी गेट निवासी हरस्वरूप मंगलवार को खुर्जा आया था। पहासू अड्डे पर वह घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। तभी कार सवार कुछ लोग पहुंचे और युवक से अलीगढ़ तक जाने की बात करते हुए उसे कार में लिफ्ट दे दी।
कुछ दूर जाने पर बदमाशों ने युवक को तमंचे के बल पर 1500 की नकदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। फिर गांव ढकपुरा के पास फेंक गए।
तमंचे के बल पर कुष्ठ आश्रम में लूटपाट
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कुष्ठाश्रम में मंगलवार रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। तमंचे के बल पर बदमाशों ने कुष्ठाश्रम में रहने वाले परिवारों के साथ जमकर लूटपाट की। जाते-जाते दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी लेकर भाग गए। पीड़ितों ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के बहलीमपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम के प्रधान घासीराम ने कोतवाली नगर में दी तहरीर में बताया कि कुष्ठाश्रम में 20-22 परिवार रहते हैं। मंगलवार की रात करीब दो बजे तीन-चार बदमाश आश्रम में घुस गए। तमंचे के बल पर बदमाशों ने आश्रम में लूटपाट शुरू कर दी। कुष्ठ परिवारों के साथ लूटपाट के बाद दानपात्र में रखी करीब सात-आठ हजार की नगदी भी लूट ली।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। पीड़ित परिवारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी पोषीराम शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चौकी के पास लूटा
नगर क्षेत्र में रिक्शा पर जा रहे ग्रामीण से बदमाशों ने पुलिस चौकी के पास 20 हजार रुपये से भरा थैला लूट लिया। पुलिस जांच-पड़ताल तक ही सीमित रह गई है। थाना नरसैना क्षेत्र के चंदियाना निवासी सलमान खान पुत्र शमीन खां ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी को वह अपने गांव से बुलंदशहर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे।
इस दौरान खानपुर बस अड्डे से वह ई-रिक्शा में बैठकर कचहरी की तरफ चल दिए। तभी डिप्टी गंज पुलिस चौकी के पास ई-रिक्शा में बैठे दो बदमाशों ने सरेआम उनसे पर्स छीनकर भाग गए। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि उसके पर्स में 20 हजार 300 रुपये के अलावा कई जरूरी कागजात थे। कोतवाली प्रभारी पोषीराम शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।