गलोड़ (हमीरपुर)। तहसील गलोड़ मुख्यालय से सात किलोमीटर दूरी पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा गाहली के एक उपभोक्ता के खाते से 40 हजार रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता जगन्ननाथ ने इसकी शिकायत संबंधित शाखा प्रबंधक से की है। जगन्नाथ निवासी नगैहड़ा का कहना है कि बीती 15 नवंबर को उसके खाते से लगातार चार ट्रांजेक्शन कर किसी शातिर ने चालीस हजार निकाल लिए हैं। उसने कहा कि सात नवंबर को उसने अपने एटीएम कार्ड से लुधियाना में अंतिम बार पैसे निकाले थे।
उसके बाद एटीएम कार्ड का प्रयोग नहीं किया, लेकिन 15 नवंबर को सुबह जब वह अपने घर में था तो उसके फोन में अचानक पैसे डेबिट होने के लगातार मैसेज आने लगे। लगातार मैसेज आते देख जगन्नाथ ने इसकी सूचना बैंक कंट्रोल फ्री नंबर पर दी और कार्ड को बंद करवाया। इसके बाद जगन्नाथ ने इसकी सूचना बैंक शाखा प्रबंधक को दी। जिस पर शाखा प्रबंधक ने छानबीन का आश्वासन जगन्नाथ को दिया। प्रबंधक आशीष का कहना है कि छानबीन के दौरान पाया गया कि यह सारी रकम मालवीय नगर (दिल्ली) स्थित एटीएम से निकाली गई। शाखा प्रबंधक ने जगन्नाथ की शिकायत के आधार पर एटीएम को बंद कर दिया है। इस संदर्भ में जगन्नाथ ने पुलिस थाना बड़सर में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई है।