हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के बाल छात्रावास के दो छात्रों ने वार्डन पर उनके साथ मारपीट करने और उन्हें हॉस्टल से बाहर निकालने की शिकायत दर्ज करवाई है। छात्रों ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह बाल छात्रावास में रहते हैं। छात्रावास के वार्डन ने 17 नवंबर की रात उनके साथ मारपीट की और उन्हें छात्रावास से बाहर निकाल दिया।
जिस कारण उन्हें रात छात्रावास के गेट के पास ही ठंड में गुजारनी पड़ी। छात्रों का कहना है कि वार्डन ने उनके साथ गाली गलौज किया। मारपीट से उसके शरीर पर चोटें आई है। आरोप है कि वार्डन की मार से एक छात्र के गुप्तांग पर भी चोट आई है। छात्रों ने पुलिस से मामले की उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डा. एचएस जंवाल का कहना है कि दोनों छात्रों के नाम कक्षाएं न लगाने के कारण काट दिए हैं। छात्रों को अभिभावकों को बुलाने के लिए कहा गया है। तब तक उनकी एंट्री हॉस्टल से बंद कर दी है। कार्यकारी थाना प्रभारी हमीरपुर बलदेव सिंह का कहना है कि छात्रों का मेडिकल करवाया गया है। सोमवार को एक्सरे होगा। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।