नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भट्ठा गांव के निकट एक कार दुर्घटना में कार चालक की मौके पर मौत हो गई। कार सवार दूसरे घायल को नादौन में प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कार चालक अमित कुमार (26) पुत्र उत्तम चंद निवासी लोक निर्माण विभाग कॉलोनी हमीरपुर और दोस्त मुनीष कुमार पुत्र रविंद्र कुमार निवासी अणुकलां हमीरपुर कार में सवार होकर धर्मशाला घूमने जा रहे थे। भट्ठा गांव के निकट सामने से आ रहे वाहन से बचाव के लिए जब चालक अमित ने ब्रेक लगाई तो तेज गति के कारण कार सड़क पर ही पलट गई। इस कारण अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा कार सवार घायल हो गया। घायल मुनीष को लोगों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से नादौन अस्पताल पहुंचाया। मुनीष ने बताया कि वह कार की पिछली सीट पर बैठा था। इस कारण उसकी जान बच गई। वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर के समय अमित को घर से उसके दोस्त घूमने के लिए ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार में दो नहीं बल्कि चार युवक सवार थे। जो कि दुर्घटना के बाद मौका से फरार हो गए। एसडीएम नादौन डीआर धीमान ने मृतक के परिजनों को 15 हजार रुपये फौरी राहत राशि भेंट की है। थाना प्रभारी नादौन महेंद्र परमार का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार में कितने युवक सवार थे, इसकी छानबीन की जा रही है।