35 people including 12 students of JNV Corona positive, one died
हमीरपुर। जिले में वीरवार को जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी के 12 विद्यार्थियों समेत 35 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि, संक्रमण से एक वृद्ध की मौत हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि आरटीपीसीआर टेस्ट में 18 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में वीरवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 466 सैंपल लिए गए। जिनमें से 17 पॉजिटिव निकले।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिलावासियों से कोरोना संबंधी सभी नियमों एवं सावधानियों की अनुपालना करने का आग्रह किया है। अगर किसी व्यक्ति में खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण सामने आते हैं तो वह तुरंत अपने आपको अन्य परिजनों से अलग कर लें तथा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपना चेकअप करवाने के साथ कोरोना की जांच करवाएं।
अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो अपने प्राथमिक संपर्क में आए सभी लोगों का सही ब्योरा दें तथा उनका भी टेस्ट करवाएं। वार्ड 11 हमीरपुर के 73 वर्षीय वृद्ध ने बुधवार रात को कोरोना संक्रमण के कारण आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ दिया है। वहीं, जिले में कोरोना के कुल मामले 16852 हो गए हैं। इनमें से 354 एक्टिव केस हैं। जबकि 15948 कोरोना को मात दे चुके हैं और 279 की मौत हो गई है।