सुजानपुर में सड़क पर लोगों को वैक्सीन लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय उच्च विद्यालय पल्ह ब्राह्मणा की दो छात्राओं समेत जिले में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रैपिड एंटीजन टेस्ट में इनकी पुष्टि हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि मंगलवार को जिला में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए 589 सैंपल लिए गए। इनमें से 10 पॉजिटिव निकले। आरटीपीसीआर टेस्ट में कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। जिले में कुल संक्रमित 17848 हो गए हैं, जबकि 169 एक्टिव केस हैं। 17378 कोरोना से जंग जीत चुके हैं और 300 लोगों ने जान गंवाई है।
सीएमओ ने बताया कि जिला में कोरोना रोधी वैक्सीनेशन के लिए सभी स्वास्थ्य खंडों में व्यापक अभियान चलाया गया है। अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित टीकाकरण केंद्रों के अलावा जिले भर में मोबाइल टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला में इस माह के अंत तक 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।