हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में मंगलवार सुबह दो छात्राओं में कहासुनी हो गई। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस बीच खूब लात-घूंसे चले।
दोनों लड़कियां सहपाठी नहीं हैं। इन दोनों की मारपीट का वीडियो कॉलेज के अन्य छात्रों ने रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। कॉलेज प्रबंधन को सूचना मिलते ही दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने बताया कि कमेटी की जांच में पाया गया कि यह दोनों छात्राएं एक ही तरफ से कॉलेज आती हैं। बस में ही इनकी कहासुनी हुई। उसके बाद कॉलेज कैंपस में यह दोनों झगड़ पड़ीं। हालांकि दोनों ने कॉलेज को लिखित माफीनामा दिया है। दोनों पक्षा में समझौता हो गया है।
पुलिस में मामला नहीं गया है। बता दें कि यह मारपीट कॉलेज कैंटीन के पास की वाटिका में हुई। इस दौरान इन दोनों युवतियों को छुड़ाने या समझाने की बजाय कॉलेज के अन्य विद्यार्थी भी लड़ाई के दौरान हो हल्ला करते हुए नजर आए।