चंबा। जिले में एक तरफ सरकार बेहतर शिक्षा मुहैया करवाने के दावे कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ कई सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के पद खाली पड़े हुए हैं। इसका खामियाजा विद्यार्थियों का भुगतना पड़ रहा है।
जिले के सरकारी स्कूल में टीजीटी के साठ पद खाली होने से विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित सहित अन्य विषयों को पढ़ने में दिक्कत हो रही है। जानकारी के मुताबिक जिले में टीजीटी आर्ट्स के 804, टीजीटी मेडिकल के 251 और टीजीटी नॉन मेडिकल के 512 पद स्वीकृत हैं। इनमें से टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल के 15-15 और टीजीटी नॉन मेडिकल के 30 पद खाली पड़े हैं। केंद्र सरकार की ओर से जिले को आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल किया गया है। साथ ही शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए भी सरकार प्रयास कर रही है लेकिन शिक्षकों के पद रिक्त होने के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेश कुमार शर्मा का कहना है कि जिले में टीजीटी के साठ पद खाली हैं। कहा कि विभाग की ओर से उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।