बचत भवन चंबा में रावी नदी महोत्सव पर बैठक के दौरान मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में 22 और 23 दिसंबर को रावी नदी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह बात उपायुक्त डीसी राणा ने बचत भवन में रावी नदी महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के दौरान कही। कहा कि जिले के सभी विभाग, नगर परिषद, चंबा शहर के साथ लगती पंचायतें, हितधारक और स्वयंसेवी संस्थाएं रावी नदी महोत्सव में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित बनाएंगे।
महोत्सव का उद्देश्य रावी नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी के महत्व पर जोर देना है। उन्होंने कहा कि रावी नदी महोत्सव के तहत रावी नदी में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और साथ लगते क्षेत्र से प्लास्टिक और ठोस कूड़ा कचरा एकत्रित किया जाएगा। महोत्सव में स्कूलों और कॉलेज के छात्रों में पेंटिंग, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया जाएगा। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा और प्रारंभिक शिक्षा को निर्देश दिए कि छात्रों की ओर से स्वच्छता रैली भी आयोजित की जाए।
महोत्सव का शुभारंभ 22 दिसंबर को चंबा शहर और शहर के साथ लगती ग्राम पंचायतों में प्रभात फेरी के आयोजन से किया जाएगा। 23 दिसंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक संबंधित पंचायतें, विभिन्न विभाग, हितधारक और स्वयंसेवी संस्थाएं चिह्नित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाएंगे और उसके बाद दोपहर बाद चंबा चौगान में शपथ ग्रहण करवाई जाएगी। शाम को मंजरी गार्डन और परेल में आरती का आयोजन भी किया जाएगा। वन विभाग की ओर से महोत्सव के दौरान चिनार के पौधे भी रोपे जाएंगे। 24 दिसंबर को बचत भवन में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें जो विद्यार्थी पेंटिंग, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिता के विजेता होंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।