होली में बर्फबारी के बीच पेपर देने जाते बच्चे।
- फोटो : Chamba
चंबा। कबायली क्षेत्र भरमौर मुख्यालय में वीरवार देररात वर्ष की पहली बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी से भरमौर-पठानकोट एनएच समेत 64 सड़कों पर यातायात ठप हो गया। गौरतलब है कि भरमौर-पांगी की चोटियों सहित भरमौर-पांगी मुख्यालयों, डायनकुंड, रूहणूकोठी, जम्मुहार, उटीप और टेपा खज्जियार में बर्फबारी से पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया।
बर्फबारी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। भरमौर-पठानकोट एनएच पर खड़ामुख से भरमौर तक 13 किमी मार्ग पर फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई। वाहनों के न चलने से लोगों को सामान पीठ पर लाद कर ही पैदल भरमौर की तरफ कूच करना पड़ा। ताजा बर्फ में लोग संभल-संभल कर ही चलते दिखे। जिले के ताजा हिमपात से लोनिवि मंडल तीसा के 51 मार्ग, लोनिवि मंडल चंबा और भरमौर की 6-6 सड़कों पर वीरवार देररात के बाद वाहनों के पहिये थम गए। शुक्रवार को चंबा-होली, चंबा-भरमौर, चंबा-जम्मुहार सहित दस रूटों पर निगम की बसें फिसलन के कारण फंस गईं। शुक्रवार दोपहर बाद ही ये बसें बस स्टैंड चंबा पहुंचीं।
हालांकि, शुक्रवार देरशाम तक आधा दर्जन सड़कों को छोड़कर सभी मार्ग वाहनों के लिए बहाल कर दिए गए थे। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, जिला प्रशासन ने सर्दियों के मौसम को लेकर एक माह पूर्व ही अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्फबारी से पहले दूरदराज के गांवों तक राशन पहुंचाने और बिजली-पानी-सड़कों की व्यवस्था को चकाचक रखने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम के बदलते मिजाज को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि पूर्वानुमान को देखते हुए जिले में अलर्ट जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति नदी-नालों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाए। मौसम को देखकर ही लोग कहीं जाने का कार्यक्रम बनाएं।
फिसलन भरे रास्तों से गिरते-पड़ते परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी
जिले के 570 शीतकालीन स्कूलों में पहली से सातवीं तक की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की ताजा बर्फबारी ने मुश्किलों को बढ़ा दिया। फिसलन भरे रास्तों को जैसे-तैसे गिरते-पड़ते पार कर विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों में पहुंचे। ठंड से बचने के लिए परीक्षा केंद्रों में पुख्ता प्रबंध न होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को पहली कक्षा का अंग्रेजी, दूसरी का हिंदी, चौथी का अंग्रेजी और छठी कक्षा का सामाजिक विज्ञान, जबकि सातवीं का विज्ञान विषय का पेपर हुआ।