चंबा। मौसम में बदलाव के कारण अब धीरे-धीरे लोग वायरल की चपेट में आना शुरू हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज चंबा की ओपीडी में रोजाना सर्दी-खांसी, जुकाम और पेट दर्द से पीड़ित 180 मरीज उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम के साथ होने वाला सर्दी-जुकाम और खांसी लोगों को कोविड-19 की चिंता भी दे रहा है। लिहाजा, चिकित्सक मरीजों को उपचार से पहले अपना कोविड टेस्ट करवाने की सलाह दे रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में एक सप्ताह में 670 के करीब वायरल से पीड़ित लोग अपना इलाज करवाने के लिए पहुंच चुके हैं। जबकि, रोजाना 180 मरीज ओपीडी में चिकित्सीय निरीक्षण करवाकर दवाइयां लेकर घरों को लौट रहे हैं। मौसम में गरमाहट और ठंडक लोगों को वायरल की चपेट में ले रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से केमिस्टों को चिकित्सीय पर्ची के बिना दवाइयां न दिए जाने संबंधी जारी किए गए सख्त निर्देशों के बाद लोग उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का ही रुख कर रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचने वाले लोगों को चिकित्सक ठंड से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
ऐसे बचें वायरल से
एसएम डॉ. देवेंद्र कुमार ने कहा कि मौसम बदलने से लोग सर्दी-जुकाम, खांसी और पेटदर्द की जद में आ सकते हैं। लिहाजा, लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें। बुजुर्ग सुबह की बजाय दोपहर में ही सैर करें। ठंडे पानी की जगह लोग गर्म पानी पीएं। कहा कि मेडिकल कॉलेज में भी रोजाना दर्जनों मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। अधिक बीमार लोगों को उपचार के लिए दाखिल किया जा रहा है।