हलवाई की दुकान से मिठाइयों के सैंपल एकत्रित करती खाद्य सुरक्षा टीम।
- फोटो : Chamba
चंबा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को त्योहारी सीजन में मिठाइयों के नौ सैंपल भरे। सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मंजीत सिंह और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
शुक्रवार को शहर की हलवाई की दुकानों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई बेचने और बनाने वालों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। चंबा-चुवाड़ी मार्ग पर जोत में टीम ने खोया, सोन पापड़ी और बर्फी के तीन सैंपल भरे। जबकि, मुख्य बाजार की दुकानों से बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बादाम और किशमिश के छह सैंपल भरे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी हलवाइयों को आदेश दिए कि वे मिठाइयों में रंग का ज्यादा इस्तेमाल न करें। कहा कि रंग लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। ऐसा करने पर हलवाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दुकानों में सफाई व्यवस्था को भी चेक किया गया। रेहड़ी संचालकों को खाद्य पदार्थों को ढक कर रखने के आदेश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मंजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों से लेकर अन्य उत्पादों की गुणवत्ता जांची जा रही है। आगामी दिनों में मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से भी खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी।