Father's body found in Ravi, son still missing
चंबा। डेढ़ माह पहले कार दुर्घटना में रावी नदी में बहे पिता-पुत्र में से पिता का शव बग्गा स्थित चमेरा बांध से बरामद किया गया है। जबकि, लापता बेटे का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। मृतक की पहचान कल्याणो (57) पुत्र फंरगु निवासी गांव चकरौता डाकघर राड़ी उपतहसील धरवाला के रूप में हुई है। जबकि, कल्याणो का बेटा अभी तक लापता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
गौरतलब है कि 19 जुलाई को चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बैलोगी (दुनाली) के पास पहाड़ी दरकने से एक कार मलबे की चपेट में आ गई थी। उस दौरान कार समेत उसमें सवार तीन सदस्यीय परिवार मलबे के साथ रावी नदी में बह गया। एक महिला का शव उसी दिन नदी में मिल गया था। जबकि, महिला के पति और बेटा नदी के तेज बहाव में बह गए, जिन्हें तलाश करने के लिए पुलिस ने सर्च अभियान भी चलाया। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि बग्गा के पास चमेरा बांध में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बांध से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के उपरांत पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि चमेरा बांध में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जंच कर रही है।