employent office sealed after positive cases
चंबा। जिले में कोरोना अब सरकारी दफ्तरों में भी पहुंच गया है। पिछले दो दिन में जिला रोजगार कार्यालय के तीन कर्मचारी कोरोना की चपेट में आए हैं। जिला प्रशासन के आदेशों के बाद रोजगार कार्यालय को सील कर दिया गया है। आगामी 48 घंटे तक कार्यालय बंद रहेगा। इस अवधि में कार्यालय को सैनिटाइज किया जाएगा। कार्यालय में मंगलवार को स्टाफ ड्यूटी देगा।
जानकारी के मुताबिक जिले में करीब एक पखवाड़े से कोरोना ने रफ्तार पकड़ी है। लगातार चालीस से साठ मामले औसतन प्रतिदिन आ रहे हैं। लिहाजा, सरकारी कार्यालयों में तैनात स्टाफ भी कोरोना की चपेट में आ रहा है। बहरहाल, विभाग ने अब कार्यालय को सील कर दिया है। विभाग ने युवाओं से आह्वान किया है कि इस अवधि के दौरान वे कार्यालय न आएं।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि कार्यालय में तैनात तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकले हैं। कहा कि शेष स्टाफ के भी सैंपल लिए गए हैं, जो निगेटिव रहे। 48 घंटों तक कार्यालय को बंद किया गया है। कहा कि मंगलवार को कार्यालय खुलेगा।