मेडिकल कॉलेज चंबा में महिला का सैंपल लेती स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Chamba
चंबा। चुवाड़ी कॉलेज 48 घंटों के लिए सील कर दिया गया है। महाविद्यालय में प्रथम वर्ष का विद्यार्थी कोरोना संक्रमित आने पर कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से यह फैसला लिया है। विद्यार्थी के संक्रमित आने से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सैंपल की रिपोर्ट आने पर कक्षा के 40 विद्यार्थियों सहित दो प्राध्यापकों के सैंपल भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एकत्रित किए।
गौरतलब है कि चुवाड़ी कॉलेज में प्रथम वर्ष का विद्यार्थी सर्दी-जुकाम से पीड़ित है। विद्यार्थी ने मंगलवार को एहतियातन अपना कोरोना टेस्ट करवाया। कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट देरशाम आने पर वह संक्रमित पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थी को अपनी देखरेख में होम आइसोलेट करवा दिया है। विद्यार्थी के संक्रमित आने पर कॉलेज प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर संक्रमण न फैले, इसके लिए उचित प्रबंध करने शुरू कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थी की कक्षा के 40 विद्यार्थियों के मंगलवार को सैंपल लिए। साथ ही कक्षा के दो प्राध्यापकों की भी सैंपलिंग की गई। कॉलेज प्रबंधन ने क्लास रूमों को सैनिटाइज करवा कर बंद कर दिया।
कार्यकारी प्राचार्य प्रो. नंदलाल ने महाविद्यालय के विद्यार्थी के संक्रमित आने पर 48 घंटों के लिए कॉलेज को सील करने की पुष्टि की है। कहा कि शुक्रवार को कॉलेज सभी विद्यार्थियों के लिए खुलेगा। 40 विद्यार्थियों की रिपोर्ट निगेेटिव आई है। जबकि, दो प्राध्यापकों की रिपोर्ट आनी अभी शेष है।