Charas caught from three people riding a jeep
बनीखेत (चंबा)। जीप सवार तीन लोगों को पुलिस ने चरस के साथ गिरफ्तार किया है। चंबा-पठानकोट मार्ग पर तुन्नूहट्टी के पास वीरवार रात को पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। रात को जब पुलिस ने नाका लगाया हुआ था तो उस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहन की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान नैनीखड्ड से जीप नंबर एचपी-73-9541 आ रही थी, जिसे नाके पर चेकिंग के लिए रोका। जीप में तीन लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थी।
जब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी तो तीनों के चेहरों का रंग उड़ गया। इस पर पुलिस को शक हो गया। शक के आधार पर पुलिस ने जीप की जांच की और 550 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके साथ ही गाड़ी में सवार आयूब, मुहम्मद रफी और शेरबानो को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ चुवाड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले 14 दिन में पुलिस जिले में तीन चरस तस्करी के मामले पकड़ी चुकी है। इनमें अभी तक नौ किलो चरस पकड़ी गई है। इससे पता चलता है कि जिले में चरस का कारोबार कितना फलफूल रहा है। वहीं, पुलिस ने इसको लेकर विशेष अभियान छेड़ दिया है। टीमें बनाकर रात को नाके लगाकर चरस तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच की जा रही है।