सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत सूरी के थिसला नाले में शुक्रवार सुबह भालू ने गाय पर हमला कर उसे मार डाला। जबकि, अन्य मवेशी भालू के डर से इधर-उधर भाग गए। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह जब ज्ञासो राम अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की तरफ जा रहा था तो थिसला नाले के पास अचानक एक भालू मवेशियों पर टूट पड़ा।
भालू को देखकर वह भी डर गया। उसने वहां से भाग कर तुरंत पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी। पंचायत प्रधान और अन्य ग्रामीण उसकी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। तब तक भालू ने गाय को मार डाला था। ज्ञासो राम ने ग्रामीणों ने मदद से अपने अन्य मवेशियों को ढूंढ कर एकत्रित किया। प्रधान किशन कुमार ने नायब तहसीलदार और वन मंडलाधिकारी को सूचना दी। साथ ही प्रभावित ज्ञासो राम को जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वनमंडलाधिकारी सलूणी कुलदीप जम्वाल ने बताया कि संबंधित वन रक्षक को जांच-पड़ताल के लिए मौके पर भेजा गया है। वन रक्षक की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।