चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में दो सप्ताह से परिवार नियोजन के ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। इस वजह से यहां ऑपरेशन करवाने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार नियोजन के ऑपरेशन करने को लेकर सप्ताह में दो दिन तय किए हैं। इसमें मंगलवार को पुरुष तो शनिवार को महिलाओं के ऑपरेशन किए जाते हैं। लोगों के अनुसार सर्जन के अस्पताल से नदारद रहने की वजह से दो सप्ताह से परिवार नियोजन के ऑपरेेशन नहीं हो पा रहे हैं। जबकि ऑपरेेशन करवाने के लिए दो दर्जन से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने पंजीकरण करवा रखा था।
तय दिन जब लोग ऑपरेशन के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि डॉक्टर छुट्टी पर है। इसको देखते हुए ऑपरेेशन नहीं हो सकते हैं। दो सप्ताह तक तो लोग इस बहाने को सुनते रहे। मगर इस मंगलवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गया है। लोगों ने ऑपरेेशन न होने को लेकर डीसी चंबा को शिकायत पत्र सौंपा है। डीसी चंबा हरीकेश मीणा ने लोगों की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रबंधन की फोन पर जमकर लताड़ लगाई। साथ ही छुट्टी पर जाने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही परिवार नियोजन के ऑपरेशन करने को कहा है। इसके बाद मंगलवार परिवार नियोजन के ऑपरेशन हो गए। अन्यथा उन्हें इस बार भी बिना ऑपरेशन करवाए ही लौटना पड़ सकता था। डीसी ने अस्पताल प्रबंधन को साफ शब्दों में कहा है कि परिवार नियोजन के ऑपरेशन नियमित रूप से होने चाहिए। इसमें कोताही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन भी कड़ाई से कार्य करे।
क्या कहते हैं लोग
सेरी पंचायत सुरेश कुमार, कुठेड़ पंचायत निवासी किशन चंद, करेरी पंचायत निवासी यशवंत, सेरी पंचायत निवासी भाग सिंह, बजोथरा पंचायत निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि वह परिवार नियोजन ऑपरेशन करवाने के लिए कई बार मेडिकल कॉलेज चंबा के चक्कर काट चुके हैं। मंगलवार को भी वह ऑपरेशन के लिए पहुंचे थे। मगर चिकित्सक के न होने की सूरत में उन्हें परेशानियां उठानी पड़ी। डॉ. विनोद शर्मा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सर्जन ने परिवार नियोजन के ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। जिन लोगों ने पंजीकरण करवाया था। उन सभी लोगों के ऑपरेशन किए गए हैं।