संवाद न्यूज एजेंसी भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत मैहरी काथला पंचायत के कुलवाड़ी गांव में छह माह पहले हुए गोलीकांड की गुत्थी को पुलिस अभी तक नहीं सुलझा पाई है। दिन-दिहाड़े एक प्रवासी व्यक्ति पर देसी कट्टे से हमला हुआ था। गोली चलाने वाला कौन था, गोली चलाने का मकसद क्या रहा, देसी कट्टा कहां से आया ऐसे कई सवाल अभी तक अनसुलझे हैं। पुलिस लगातार दावे करती आ रही है कि गोलीकांड की वारदात से जल्द पर्दा उठ जाएगा, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी पुलिस के दावे खोखले साबित हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए गुजरात से लाया था, लेकिन पूछताछ के दौरान कोई सुबूत न मिल पाने के चलते दोनों को वापस भेज दिया गया है। ऐसे में आरोपी तक पहुंच पाना पुलिस के लिए अभी तक टेढ़ी खीर बना हुआ है।
बता दें कि 10 अक्तूबर, 2023 को कुलवाड़ी गांव में किराये के कमरे रहने वाला ओमप्रकाश जब अपने कमरे में आराम कर रहा था, तब अज्ञात व्यक्ति ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया था। ओम प्रकाश ने जैसे दरवाजा खोला तो व्यक्ति ने पिस्तौल से गोली दाग दी। गोली चलाने वाले व्यक्ति ने मुंह पर मास्क लगाया था, जबकि सिर पर टोपी लगाई थी। व्यक्ति पिस्तौल से गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक सहित डीएसपी ने टीम सहित मौके का निरीक्षण किया था। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया था। फोरेंसिक टीम ने जांच में पाया था कि जिस पिस्तौल से गोली चली है वह देसी कट्टा था। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर देसी कट्टे सहित कोई व्यक्ति क्षेत्र में कैसे पहुंच गया। गोली चलाने वाला व्यक्ति बीच गांव में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर गांव के बीचों बीच से कैसे फरार हो गया। गोली की घटना से ओमप्रकाश के कंधे पर मामूली चोट लगी थी। एक जिंदा कारतूस मौके से बरामद हुआ था। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा चुका है। पुलिस अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी को पकड़ने का काम कर रही थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई है। उधर भराड़ी थाना प्रभारी देवा नंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही गुत्थी को सुलझा लिया जाएग।