श्री नयनादेवी जी में दर्शन करने के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में रविवार को करीब 40,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। रविवार की छुट्टी होने के चलते सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर की आरती के बाद श्रद्धालुओं की कतार फ्लाईओवर को पार करते हुए पांच नंबर सेक्टर तक पहुंच गई। श्रद्धालुओं को लाइनों में बारी-बारी से दर्शन करवाए गए।
मंदिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में दर्शन करने के लिए भेजा। इससे भीड़ पर नियंत्रण बना रहा और श्रद्धालु आराम से दर्शन करते रहे। रविवार को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां डालीं और सदाव्रत लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने बताया कि रविवार को करीब 40,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।