घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं अस्पताल में सर्जन समेत तीन चिकित्सकों के पद खाली चल रहे हैं। पिछले 22 साल से रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की मशीन भी बंद पड़ी है। लोगों को मजबूरन निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है।
घुमारवीं अस्पताल पर क्षेत्र की एक लाख से ज्यादा आबादी निर्भर है। इस अस्पताल में झंडूता और घुमारवीं विधानसभा के लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं। अस्पताल में रोजाना 500 के करीब ओपीडी होती है। अस्पताल की हालत ऐसी है कि यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली चल रहे हैं। अस्पताल में न तो सर्जन की सुविधा मिल रही और न ही एमडी मौजूद हैं। इधर, गर्भवती महिलाएं भी निजी क्लीनिकों में अल्ट्रासांउड करवाने के लिए मजबूर हैं। इतने सालों से अस्पताल में अल्ट्रासांडड की सुविधा नहीं मिलने से मरीजों में रोष है।
रजनीश, मंजीत, विकास, अनिता, रवि का कहना है कि अस्पताल में सुविधाओं का अभाव है। मरीज निजी अस्पतालों में लुटने को मजबूर हो रहे हैं। विभाग को भी मरीजों को चिंता नहीं है। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द घुमारवीं अस्पताल में डॉक्टरों के पदों को भरा जाए और अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी प्रदान की जाए। इधर, बीएमओ अभिनीत शर्मा ने बताया कि अल्ट्रासांउड सुविधा को शुरू करने और अस्पताल में खाली पदों को भरने के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मरीजों को समस्या से निजात मिलेगी।