भगेड़ (बिलासपुर)। विकासखंड घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत औहर में अब प्लास्टिक कचरे के खात्मे के लिए पंचायत स्तर पर कवायद शुरू की है। इस पहल के तहत न केवल प्लास्टिक कचरे का निष्पादन होगा, बल्कि इससे आमदनी भी होगी। इस अभियान के तहत डिस्पोजल सामान का अब पंचायत में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पारित कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पंचायत पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत में यदि डिस्पोजल सामान का प्रयोग करता हुआ कोई व्यक्ति पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पंचायत प्रधान प्रेमलता ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों ने प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा करने का कार्य स्वयं शुरू किया है। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि प्लास्टिक कचरे को न जलाएं, उसे एक बोरे में जमा करते रहें और बाद में पंचायत उसे 75 रुपये प्रति किलो के हिसाब से लेगी।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरा हमारी खेती को भी प्रभावित करता है। जहां पर प्लास्टिक कचरा पड़ जाए वहां कोई भी पैदावार नहीं हो पाती, इसलिए यह प्राकृतिक व मानव जाति पर दोहरा प्रहार करता है। प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभाव के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायत प्रधान, उपप्रधान रणजीत वर्धन व वार्ड सदस्य गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने व गांव में फैली गंदगी को खत्म करने की मुहिम शुरू कर दी है जो एक माह में पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद पूरी पंचायत प्लास्टिक कचरा मुक्त हो जाएगी। जिसके लिए स्थानीय लोगों का भी पूर्ण सहयोग लिया जाएगा।