घुमारवी नगर परिषद के दकड़ी चौक शौचालय में जमा गंदगी।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। दकड़ी चौक सार्वजनिक शौचालय में गंदगी भरी है। सफाई न होने से यहां बदबू से जीना मुहाल है। शौचालय में इतनी गंदगी है कि मजबूरी में अगर किसी को जाना पड़े तो नाक पर रुमाल रखकर जाना पड़ता है। इसके कारण अब लोगों ने उस शौचालय में जाना छोड़ दिया हैं। इसके चलते शौचालय नशेड़ियों का अड्डा बना है।
शौचालय में शराब की खली बोतलों का ढेेर लगा है। वहीं गुटका, बीड़ी के पैकेट भी शौचालय में पड़े हैं। दकड़ी चौक से जाहू, सरकाघाट के लिए बसें चलती हैं। सवारियों को बसों के इंतजार के लिए थोड़ी देर के लिए रुकना होता हैं। अगर इस बीच किसी को दकड़ी चौक के सार्वजनिक शौचालय का इस्तेमाल करना पड़े तो बदबू का सामना करना पड़ता है। लोगों को कहना है नगर परिषद के शौचालय की देखरेख न करने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
संजय कुमार ने कहा कि शौचालय के निर्माण को अभी कुछ ही साल हुए हैं। नगर परिषद की ओर से रखरखाव की व्यवस्था न होने के कारण यहां गंदगी भरी है। इससे हर कोई शौचालय जाने से बचता है।
शुभम मदान ने कहा कि बेशक नगर परिषद ने लोगों की सुविधा के अनुसार शहर में काफी शौचालयों का निर्माण करवा गया है। लेकिन बेहतर तब होता जब इन शौचालयों की समय-समय पर साफ-सफाई भी होती रहती।
सुनील सोनी ने कहा कि शौचालय अब नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। नशेड़ी गुपचुप तरीके से शौचालय जाने के बहाने अंदर नशा करते हैं। शराब पीने के बाद वे खाली बोतलें शौचालय में फेंक देते हैं।
पंकज रतवान ने कहा कि सफाई व्यवस्था एक दम दुरुस्त होनी चाहिए। इससे बीमारियों से बचा जा सकता है। नगर परिषद को कड़ा संज्ञान लेते हुए तुरंत सफाई करवानी चाहिए।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष श्याम शर्मा ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर गंदगी फैलाते हैं। नगर परिषद उनके विरुद्ध कड़ी करवाई करेगी। शहर में सफाई व्यवस्था के लिए किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। गंदगी को तुरंत साफ करवाया जाएगा।