बरमाणा (बिलासपुर)। पुलिस थाना बरमाणा में शराब की दुकान में सेल्समैन के साथ मारपीट, दुकान का काउंटर तोड़ना और गालीगलौज का मामला सामने आया है। यही नहीं आरोपियों ने सेल्समैन को जान से मारने की भी धमकी दी है। वहीं तोड़ फोड़ के कारण शराब के ठेके को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने इस संबंध में शराब की दुकान के सेल्समैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के पास दी हुई शिकायत में राकेश कुमार पुत्र पृथ्वी चंद निवासी पालमपुर, कांगड़ा ने बताया कि वह धार स्थित शराब की दुकान में बतौर सेल्समैन कार्य करता है। पांच मई को वह दुकान में बैठा था, तो अचानक ही वहां पर कुछ लोग आए और उसके साथ गालीगलौज करने लग गए। जब उसने उन लोगों से जाने को कहा तो उन्होंने मारपीट करना शुरू कर दिया। सेल्समैन ने बताया कि उन लोगों ने दुकान का काउंटर भी तोड़ दिया है। इसके अलावा वह लोग उसे जान से मारने की धमकियां भी देकर गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने साफ किया की दोषी चाहे जो भी होगा बख्शा नहीं जाएगा।