स्वारघाट के पास छांब भुजान गांव में फोरलेन की ब्लास्टिंग से गिरी मकान की दीवार।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन में कैंचीमोड़ से मेहला के लिए बनाई जा रही सुरंग के लिए रात को ब्लास्टिंग की गई। समीपवर्ती गांव छांब भुजान में एक घर की दीवार ढह गई। वहीं मकान पर दरारें आ गई हैं।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे सिकंदर पाल की माता रसोई घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान घर की एक दीवार गिर गई। गनीमत यह रही कि रसोईघर की दीवार बाहर की तरफ गिरी अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि कुछ पत्थर सिंकदर की माता के सिर पर लगे जिससे वह घायल हो गई और मौके पर बेहोश हो गई।
बता दें फोरलेन कंपनी द्वारा पिछले 5 साल से कैंचीमोड़ टनल का निर्माण कार्य दिनरात किया जा रहा है। टनल के ठीक ऊपर गांव छांब भुजान में पहाड़ी पर सिकंदर पाल का घर है। सिकंदर पाल ने तहसीलदार स्वारघाट को लिखित पत्र सौंपा। बताया कि सुरंग में की जा रही ब्लास्टिंग से मकान जर्जर हो चुका है और अब घर में रहने से भी डर लग रहा है। ग्राम पंचायत री के प्रधान बहादुर सिंह और जिला परिषद सदस्य मान सिंह धीमान मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। सरकार से उक्त गरीब परिवार को आर्थिक राहत देने की मांग की। तहसीलदार स्वारघाट विपन शर्मा ने हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। वहीं राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने भी प्रभावित परिवारों को सरकार की तरफ से हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।