बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बलोह के गांव संगास्वी-2 में शराब ठेके का मामला अब विधायक जेआर कटवाल के द्वार पहुंच गया है। विधायक कटवाल ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। शराब ठेके के विरोध में शनिवार को भी महिलाएं और लोग धरने पर बैठे रहे।
लोगों का कहना है कि जब तक यहां से शराब ठेका बंद नहीं किया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। यदि आवश्यकता हुई तो उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।
ग्राम पंचायत संगास्वी-2 में शराब ठेके का विरोध किया जा रहा है। इस बारे में जिला और स्थानीय प्रशासन को भी अवगत करवाया गया है। हालांकि आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन नियमों का हवाला देते हुए कोई उचित कार्रवाई नहीं कर सके। अब विधायक जेआर कटवाल ने भी इस मसले में हस्तक्षेप किया है। शनिवार को ग्राम पंचायत बलोह की प्रधान संगीता देवी, उपप्रधान विवेक कुमार सहित अन्य लोगों ने विधायक से शराब ठेके के मामले को लेकर मुलाकात की। विधायक को स्थिति से अवगत करवाया। पंचायत प्रधान संगीता देवी ने कहा कि शराब ठेके के विरोध को लेकर एसडीएम झंडूता को भी शिकायत दी थी। विरोध के बावजूद यहां पर शराब ठेका खोलने की अनुमति दे दी गई। संगीता देवी ने कहा कि शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का धरना जारी है।
महिलाओं भी कहना है कि यहां पर शराब ठेका किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक जेआर कटवाल ने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। शराब ठेका का विरोध जिला परिषद सदस्यों ने भी किया है। वहीं, संत समाज भी इसका विरोध कर रहा है।
बाक्स
बलोह पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने शराब के ठेके को लेकर मुलाकात की है। लोगों को आपसी सहमति से निर्णय के बारे में कहा गया है। जोकि भी निर्णय होगा उससे प्रशासन को भी अवगत करवाया जाएगा। उचित प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। लोगों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
जेआर कटवाल, विधायक, झंडूता विस क्षेत्र