बिलासपुर। जिले में वीरवार को दो चिकित्सकों, 8 नर्सिंग प्रशिक्षुओं समेत बैंक और पुलिस कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला में वीरवार को कोरोना के 110 नए मामले सामने आए हैं। अब जिले में कोरोना के कुल एक्टिव मामले 868 हो गए हैं। वहीं वीरवार को 84 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि जिले में वीरवार को रैपिड एंटिजन टेस्टिंग से1458 सैंपल लिए गए। इनमें से 110 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, आरटीपीसीआर के 140 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। उन्होंने बताया कि आरएच बिलासपुर में 256 सैंपल लिए गए, जिनमें से 21 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, मार्कंड से 241 सैंपलों में से 24, श्री नयना देवी के 208 सैंपलों में से 26, घुमारवीं के 471 सैंपलों में से 28, झंडूता के 405 सैंपलों में से 10 और निजी अस्पताल से 1 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें नर्सिंग स्कूल बिलासपुर से 8 प्रशिक्षु, पुलिस स्टेशन झंडूता से 1, को-ऑपरेटिव बैंक घवांडल से 1 कर्मचारी, आशा किरण स्कूल कोठी से 4, सीएचसी झंडूता से 1, सीएच बरठीं से 1 चिकित्सक, पीएचसी रौड़ा से 1 चिकित्सक और 1 कर्मचारी, पुलिस लाइन बिलासपुर से 1 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि 855 लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं, 13 लोगों को कोविड सेंटरों में रखा गया है।