घुमारवीं नगर परिषद द्वारा दुकानदारों का उठाया गया सामान
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में दुकानदारों की ओर से फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों पर नगर परिषद के अधिकारियों और चुने हुए जन प्रतिनिधियों ने कार्रवाई की। इस दौरान दस दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। वहीं, अब नगर परिषद इन दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
घुमारवीं शहर में कुछ दुकानदारों की ओर से फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण किया गया था। इसे हटाने के लिए नगर परिषद ने एक सप्ताह का समय दिया था। नगर परिषद के आला अधिकारियों और चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने शहर का दौरा कर सामान हटाया था। वहीं, उस दौरान चेतावनी दी थी कि दोबारा सामान लगाया गया तो जब्त कर लिया जाएगा और गाड़ी का किराया भी दुकानदारों से वसूला जाएगा। इस कड़ी को अंजाम देते हुए नगर परिषद ने सख्त रुख अख्तियार कर शहर में दस दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पंकज धीमान ने कहा कि अतिक्रमण के बारे में शहर के दुकानदारों को हिदायत दी गई थी। फिर भी दुकानदार नहीं माने। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए दस दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।