हरियाणा के गांव मेघोत बिंजा निवासी एक 28 वर्षीय युवक की बुधवार रात धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव वीरवार सुबह गांव से करीब आधा किमी दूर धौली पहाड़ी के पास सड़क के साथ लगते बाजरे के खेत में पड़ा मिला।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीरवार सुबह धौली पहाड़ी की तरफ गए एक व्यक्ति ने गांव मेघोत बिंजा निवासी संदीप का शव पड़ा देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शिनाख्त के बाद मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार रात संदीप बिना बताए अचानक कहीं चला गया।
सुबह परिजन उसे तलाश ही रहे थे कि उन्हें धौली पहाड़ी के पास संदीप का शव पड़ा होने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि संदीप धौली पहाड़ी के पास कब और कैसे पहुंचा, इस बारे कोई जानकारी नहीं है। दूसरी ओर ग्रामीणों ने बताया कि 6-7 साल तक नौकरी करने के बाद संदीप सेना से भगोड़ा हो गया था।
इस बात से संदीप के परिजन खासे नाराज थे। इसी बात को लेकर संदीप व परिजनों में अक्सर मनमुटाव भी रहता था।
नांगल चौधरी थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान हत्यारों बारे कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, उम्मीद है हत्यारों का अतिशीघ्र सुराग लगा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।