निरंजन कुमार राणा
यमुनानगर। इसे कोरोना की दूसरी लहर की भयावह स्थिति का असर कहे या फिर लोगों की जागरूकता। कोरोना टीकाकरण को लेकर जिले के लिए अच्छी खबर है। ढाई महीने में तीन लाख 44 हजार 231 लोगों ने टीका लगवाया। इससे पहले तक हर महीने 30 से 40 हजार डोज ही लग रही थीं, यानी 80 दिन के अंदर ही वैक्सीनेशन की रफ्तार करीब 150 फीसदी तक बढ़ गई।
जुलाई के 31 दिन के दौरान 1 लाख 19037 लोगों को टीका लगा था। अगस्त के पहले 20 दिन में ही एक लाख 17 हजार 158 लोगों को टीका लग चुका है। अगस्त के अभी दस दिन बाकी है और यह आंकड़ा डेढ़ लाख को पार कर सकता है। फिलहाल प्रति दिन करीब छह हजार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। यही नहीं इनमें से 70 फीसदी टीके ग्रामीण आबादी को लगाए गए हैं। पहले ग्रामीण इलाकों में लोग टीका लगवाने से बच रहे थे। खास बात ये है कि जिले के 24 गांवों में सौ फीसदी लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। वहीं 50 से ज्यादा गांव ऐसे भी हैं, जिनमें 90 फीसदी से ज्यादा टीकाकरण हो चुका है।
जून से अगस्त के बीच बढ़ी रफ्तार
जिले में टीकाकरण की रफ्तार जून से बढ़ी है। इससे पहले तक मात्र ढाई लाख लोगों तक ही वैक्सीन पहुंची थी। बीते ढाई माह के दौरान कम से कम साढ़े तीन लाख लोगों का टीकाकरण हुआ है। कई हफ्ते ऐसे रहे जब 50 हजार से ज्यादा लोगों का टीकाकरण हुआ। सितंबर के बाद पहले डोज के मुकाबले दूसरे डोज वालों की संख्या बढ़ेगी। कारण यह है कि जून में पहली डोज लगवाने वाले एक लाख लोगों को दूसरी डोज अगले माह से लगनी शुरू हो जाएगी। अक्टूबर में डेढ़ लाख दूसरे डोज की भी दरकार होगी। वहीं 31 जुलाई के बाद से कोरोना के कारण किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। जिले की रिकवरी दर 98.30 प्रतिशत से ज्यादा पहुंच चुकी है।
इन गांवोें में 100 फीसदी टीकाकरण
जिले के रामपुर माजरा, मालीमाजरा, प्रतापगढ़, चनेटी, अंटावा, मुंडाखेड़ा, जट्टपुरा, कुड़ेवाला, गनोली, रूकाली, मिलखेड़ा, नामदारपुर, गोंदपुरा, भगवानपुर, मगारपुर, राजपुरा, सेखपुरा, मुस्तकलां, बहादुरपुर, लोप्यों, दादूपुर, तहारी, भगवानपुर दो, तेलीपुरा गांवों में 100 फीसदी पात्र लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से बहादुरपुर प्रदेश के शिक्षा, वन एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर का पैतृक गांव है।
पीएमजेएवाई अस्पताल-22
कोविड रजिस्टर्ड अस्पताल-22
अब तक कुल डोज-607108
अब तक पहली डोज-446035
अब तक दूसरी डोज-161073
जून में कुल टीके लगे-108036
जुलाई में कुल टीके लगे-119037
-20 अगस्त तक -117158
जून के बाद से टीकाकरण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। इसी हिसाब से टीके उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का रुझान बढ़ा है। ग्रामीण क्षेत्र में लगने वाले शिविरों में टीके कम पड़ जाते हैं और जिला मुख्यालय से दोबारा डोज भिजवानी पड़ती है। छह लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। जिले में कोरोना टीके की कोई कमी नहीं है। अगस्त के अंत तक स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य 50 गांवों में सौ फीसदी टीकाकरण करने का है। डॉ. विजय दहिया, सीएमओ
केंद्र सरकार की ओर से देश के सभी नागरिकों को निशुल्क लगाए जा रहे हैं। जिन लोगों को टीका नहीं लगा है, वे अपने नजदीकी सेंटर पर जाकर टीका लगवाना सुनिश्चित करें। - गिरीश अरोड़ा, जिला उपायुक्त