संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। एक व्यक्ति को ट्रक दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए गए। बाद में आरोपी ने मिस्त्री की दुकान से ट्रक चोरी कर लिया। ट्रक वापस मांगने पर पंचायत में पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। थाना रादौर पुलिस पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव झाड़ चांदना निवासी सुमेर चंद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसने जून 2019 में10 टायरा ट्रक को सुभाष के माध्यम से इंद्रजीत निवासी सांगीपुर से 4 लाख, 80 हजार रुपये में खरीदा था। सुभाष ने 2 लाख, 40 हजार रुपये उससे नकद लेकर इंद्रजीत को दिए थे। बकाया रकम के लिए सुभाष ने 2 खाली चेक सिक्योरिटी के तौर पर इंद्रजीत को दिए थे। वहीं उसने 50 हजार रुपये पटियाला के एक एजेंट को ट्रक की यूपी से एनओसी लाने व कागजात तैयार करवाने के लिए दिए थे। उसने ट्रक में लगभग डेढ़ लाख रुपये के 8 टायर नए डलवाए थे।
इसके बाद 10 जनवरी 2020 को उसने मरम्मत करवाने के लिए ट्रक को रादौर में रवि मिस्त्री की दुकान पर खड़ा किया था। आरोप है कि 11 जनवरी को इंद्रजीत व उसके गांव के कुछ लोगों ने ट्रक को चोरी कर लिया। उसने पास के ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज में इंद्रजीत व उसके साथियों को ट्रक चुराकर ले जाते देखा।
इसके बाद मामले को लेकर थाना रादौर के बाहर उनकी पंचायत हुई। पंचायत में इंद्रजीत से ट्रक वापस करने या ट्रक की राशि देने की मांग की गई। उसने न तो ट्रक वापस किया और न ही राशि वापस की। आरोप है कि इंद्रजीत ने पंचायत में सुमेरचंद को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।