संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव भूड़कलां निवासी तीन दोस्तों की रविवार दोपहर बाद दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर सहारनपुर के मिर्जापुर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों दोस्त सहारनपुर के गांव कासमपुर में आयोजित शादी समारोह में गए थे। हादसा मिर्जापुर के नजदीक अनियंत्रित होकर तीनों दोस्तों की बाइक पुलिया से टकराने के बाद खाई में गिरने से हुआ। सूचना पर पहुंची मिर्जापुर कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
थाना प्रतापनगर क्षेत्र के गांव भूड़कलां निवासी गौरव पुत्र मलखान, मुस्तकीम पुत्र जुल्फान व इसरार पुत्र नसीम रविवार को सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कासमपुर में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह शादी समारोह में शामिल होकर मिर्जापुर की ओर आ रहे थे। दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर गांव मिर्जापुर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।
इसके बाद तीनों युवक बाइक सहित सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक देहात अतुल शर्मा व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि मिर्जापुर क्षेत्र में सड़क हादसे के कारण तीन युवकों की मौत हुई है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
तेज थी बाइक की गति, नहीं था हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त बाइक की गति बहुत तेज थी। तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था। तीनों युवकों की बाइक अचानक पुलिया से टकराई। पुलिया से टकराने के बाद तेज आवाज हुई और बाइक समेत तीनों युवक खाई में जा गिरे। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
भूड़कलां गांव में मातम का माहौल
गांव भूड़कलां निवासी गौरव, मुस्तकीम व इसरार की सड़क हादसे में मौत होने की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सहारनपुर के गांव कासमपुर में भी शादी की खुशियां मातम में बदल गई। किसी भी मृतक के घर शाम को चूल्हा नहीं जला। न ही किसी घर में खाना बना।