जगाधरी। शहर के खेड़ा मंदिर में पति के साथ पूजा करने आ रही महिला के कान से बाइक सवार दो झपटमारों ने सोने की बाली झपट ली। बाली झपटने से महिला के कान की झिल्ली फट गई। जिससे वह घायल हो गई। वारदात रविवार की रात मटका चौक के पास रेलवे बाजार में हुई। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी यशपाल ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की रात करीब पौने दस बजे वह पत्नी अनीता के साथ एक्टिवा पर जगाधरी बाजार स्थित खेड़ा मंदिर में पूजा करने के लिए गया था। रेलवे बाजार में पहुंचने पर बाइक पर दो युवक आए तभी बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अनीता के दाहिने कान पर झपट्टा मारकर सोने की बाली खींच ली जिससे उसका कान घायल हो गया। बदमाश वहां से फरार हो गए। वह पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल ले गया। घटना की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी एसआई गुरदेव का कहना है कि मामले में अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें काबू किया जाएगा।