रादौर। एक्टिवा पर अपनी माता के साथ सामान लेने के लिए बाजार आई युवती से दो युवक बैग छीनकर भागने लगे। शोर मचाने पर भीड़ ने एक को दबोच लिया और दूसरा युवक फरार हो गया। लोगों ने पकड़े गए युवक को पीटने के बाद रादौर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रादौर के बस स्टैंड रोड पर हुई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पकड़ा गया आरोपी गांव कांजनू का बताया जा रहा है। बताया गया कि शुक्रवार की दोपहर को एक युवती अपनी माता के साथ एक्टिवा पर रादौर बाजार से सामान लेने आई थी। बस स्टैंड रोड पर एक्टिवा पर सवार दो युवक आए और जबरन उनसे बैग छीन लिया।
बैग छीनने के बाद युवक शहर के कमेटी चौक की ओर भागने लगे। इस पर युवती ने शोर मचा दिया। इसके बाद लोगों ने पीछा कर दोनों में से एक युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर डाली। दरअसल घटना को अंजाम देने के बाद युवकों की स्कूटी वहां लगे जाम में फंस गई थी। ऐसे में एक युवक को पकड़ लिया गया और दूसरा युवक एक्टिवा छोड़कर फरार हो गया। इस बारे में थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।