कोरोना संक्रमण के दो साल बाद विद्यार्थियों ने बुधवार को बोर्ड की भौतिक परीक्षा दी। इस दौरान कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा हुई। जिले के 56 केंद्रों पर यह परीक्षा ली गई। कोरोना संक्रमण के बाद भौतिक परीक्षा के पहले दिन सरल प्रश्न पत्र देखकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान जिले में उड़नदस्ते ने एक नकल का केस पकड़ा। नकल करते पकड़ा गया छात्र नेशनल ओपन बोर्ड का है।
भौतिक परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में तनाव था, दो साल न भौतिक कक्षाएं लगी हैं और न ही परीक्षा ली गई है। जिसे लेकर विद्यार्थियों में डर था, परंतु इस परीक्षा के बाद उनका यह डर दूर हो गया। जिले के तमाम केंद्रों से विद्यार्थी खिलखिलाते बाहर आए। केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों ने प्रश्नों को लेकर चर्चा की। उधर परीक्षा को लेकर प्रशासन भी अलर्ट रहा। उड़नदस्ता दल, शिक्षा विभाग सहित प्रशासन के तमाम अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षार्थियों की उपस्थिति शत प्रतिशत रही। कैंप के सरकारी स्कूल में नकल करने का एक केस पकड़ा गया है। यह मामला उड़नदस्ते ने पकड़ा है। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की जिला इंचार्ज गुलशन कुमार ने बताया कि उड़नदस्ता कैंप स्कूल में पहुंचा था। इस दौरान नेशनल ओपन बोर्ड के छात्र को नकल करते पकड़ा। उस पर केस दर्ज किया गया है। इसकी जानकारी बोर्ड को भेज दी गई है।
परीक्षा शुरू होने से पहले ही अधिकारी सभी केंद्रों पर व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। पहले दिन परीक्षा सायं सत्र में हुई। जिसका समय दोपरह साढ़े 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहा।
---------------------------------
बॉक्स
दस उड़नदस्ते, एसडीएम सहित डीसी ने किया निरीक्षण
नकल रहित परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। हर केंद्र के बाहर चौकस प्रबंध किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से दस टीमों का गठन किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण की ड्यूटी लगाई गई। इसके सभी एसडीएम ने अपने क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जबकि डीसी ने केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा को लेकर डीसी एसपी से थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए हैं।
-------------------------
बॉक्स
पहले था डर, अब नहीं रहा
आईटीआई निवासी छात्र असलम ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण दो साल कक्षाएं नहीं लग पाई थीं। नियमित कक्षाएं न लगने के कारण भौतिक परीक्षा को लेकर मन में डर था। पहला पेपर हिंदी विषय का था। प्रश्न पत्र बहुत सरल था, जिसे लेकर सभी उत्साहित रहे। पहले परीक्षा को लेकर जो डर था वह अब नहीं है।
------------------------
बॉक्स
प्रश्न पत्र देखकर तनाव हुआ दूर
खिजराबाद निवासी छात्र शुभम ने बताया कि दो साल से नियमित पढ़ाई न होने के कारण परीक्षा को लेकर काफी तनाव था। परीक्षा के लिए कई दिन से तैयारी कर रहे हैं। पहला पेपर काफी आसान था। जिससे अब विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ गया है। सरल प्रश्न पत्र देखकर उनका तनाव दूर हो गया है।