एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय नसरीन को 60 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला नसरीन अपने दामाद अल्लाह बंदा के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी करते थे। महिला का दामाद अल्लाह बंद उसे स्मैक सप्लाई करता था। महिला नसरीन लोगों को स्मैक बेचती थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराना हमीदा में सास और दामाद नशीला पदार्थ बेचने का काम करते हैं। इस पर सेल इंचार्ज जोगिंद्र सिंह ने टीम का गठन किया। टीम ने सूचना पर पुराना हमीदा में छापा मारा और नसरीन को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि 28 वर्षीय अल्लाह बंदा पूर्व में भी नशा तस्करी करता रहा है। वर्ष 2020 में एंटी नारकोटिक्स सेल ने उसे 100 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। इंचार्ज जोगिंद्र सिंह ने बताया कि यदि कहीं नशा बिक रहा है तो 24 घंटे सातों दिन सेल को सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखते हुए तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं सूचना देने वाले व्यक्ति को उच्चाधिकारियों से सम्मानित भी करवाया जाएगा। डाक के जरिए भी सूचना दी जा सकती है।