एक युवक शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती को नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उसे रादौर रोड स्थित खाली फैक्टरी में ले गया। जहां आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को मामले की जानकारी देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शहर की एक कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से काम की तलाश में थी। इस दौरान उसकी मुलाकात एक युवक के साथ हुई। 11 नवंबर को आरोपी युवक ने उसे फोन करके कहा कि उसे काम के लिए एक महिला की जरूरत है। वह उसे काम दिखाने के लिए ले जाएगा। आरोपी ने शाम चार बजे उसे शहर के कमानी चौक पर बुलाया। जब वह कमानी चौक पर पहुंची तो आरोपी युवक उसे कार में बैठाकर रादौर रोड पर एक बंद फैक्टरी में ले गया। यहां पर आरोपी ने उससे मारपीट और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।